उत्तराखण्ड
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, हत्या की साजिश का भी आरोप।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मंत्री ने पति पर मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में एक ऑडियो का हवाला देते हुए हत्या की साजिश रचने का आरोप भी लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दर्ज मुकदमे में भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं शामिल की गई हैं। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मुकदमा दर्ज कराने के बाद रेखा आर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक वीडियो और पति से संबंधित ऑडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि ऑडियो सुनने के बाद उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लेना पड़ा। मंत्री के मुताबिक, उन्होंने यह कदम अपने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है।
इस घटनाक्रम के बाद रेखा आर्या की तबीयत बिगड़ने और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
महिलाओं से घरेलू अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
मुकदमा दर्ज कराने के बाद रेखा आर्या ने महिलाओं से घरेलू हिंसा और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा, “महिला आम हो, महिला खास हो… घरेलू अत्याचार न सहना है, न सहना है, बल्कि उसे कहना है।”
उन्होंने अपने संदेश के माध्यम से महिलाओं से अपील की कि वे अपने साथ होने वाले अत्याचार के खिलाफ चुप न रहें और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों तथा पुलिस से मदद लें।



