उत्तराखण्ड
टोल प्लाजा पर दबंगई: फास्टैग से टोल कटने पर भड़के कार सवार, कर्मी पर किया जानलेवा हमला।

संवादसूत्र देहरादून: सहसपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित धर्मावाला टोल प्लाजा पर रविवार देर रात टोल कर्मी के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि फास्टैग से टोल कटने के बाद कार सवारों ने विवाद शुरू कर दिया और विरोध करने पर टोल कर्मचारी पर हमला कर दिया।
शाहपुर कल्याणपुर निवासी निशांत कुमार, जो धर्मावाला स्थित टोल प्लाजा पर कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 2:21 बजे हिमाचल प्रदेश नंबर की एक कार टोल लेन पर पहुंची। ऑटोमेटिक फास्टैग रीडर से टोल कटते ही वाहन में सवार लोग भड़क गए और टोल कर्मियों के साथ अभद्रता करने लगे।
आरोप है कि कार सवारों ने टोल लेन में ही वाहन खड़ा कर यातायात बाधित कर दिया। विरोध करने पर दो युवक वाहन से उतरे और निशांत कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक आरोपी ने पोर्टेबल फास्टैग मशीन से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में उनके सिर पर गहरे घाव आए और अस्पताल में टांके लगाने पड़े।
शिकायत के अनुसार हमलावरों ने घायल कर्मचारी के कपड़े भी फाड़ दिए तथा जान से मारने और वाहन से कुचलने की धमकी दी। घटना के दौरान कार में मौजूद एक युवती पर भी गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने टोल प्लाजा की यूएफडी और फास्टैग रीडर मशीन को भी नुकसान पहुंचाया।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। सूत्रों के अनुसार आरोपी हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और उनकी विकासनगर बाजार में दुकान है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।




