उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने मुख्य सेवक सदन में सुनी जनसमस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश।




संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों, जनसमस्याओं और विभिन्न सुझावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन-प्रशासन के सभी स्तरों पर यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद लोगों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
दिव्यांग कुलदीप को तत्काल सहायता और ट्राईसाइकिल के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग कुलदीप की समस्या भी सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आर्थिक सहायता और ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विभिन्न संगठनों ने रखीं मांगें
इस दौरान राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पू.मा.) शिक्षक संघ, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी उत्तराखंड, आबकारी उपनिरीक्षक संघ, श्री कल्प केदार मंदिर समिति, देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति और हरिद्वार के विभिन्न शिष्टमंडलों व प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडलों ने अपनी मांगों, समस्याओं और सुझावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को उठाए गए विषयों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसंवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान करने और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
इस अवसर पर विधायक महंत दिलीप रावत, किशोर उपाध्याय, अनिल नौटियाल, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, जे.सी. कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




