उत्तराखण्ड
फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर रहा उत्तराखंड, IFFI में फिल्म नीति और शूटिंग स्थलों का प्रदर्शन।

संवादसूत्र देहरादून/गोवा: उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (आईएफएफआई)-2026 के तहत गोवा में आयोजित वेव्स फिल्म बाजार में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग डेस्टिनेशन्स को लेकर विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें फिल्म निर्माताओं को राज्य में उपलब्ध शूटिंग सुविधाओं, फिल्म सब्सिडी और प्राकृतिक लोकेशन्स की जानकारी दी गई।
‘डेस्टिनेशन उत्तराखंड : व्हेयर नेचर मीट्स सिनेमैटिक मैजिक’ विषय पर आयोजित चर्चा में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।
इस दौरान संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। नीति के तहत निर्धारित पात्रता और शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों के लिए अधिकतम तीन करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इसके अलावा सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल शूटिंग अनुमति प्रक्रिया के माध्यम से फिल्म निर्माताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हिमालयी प्राकृतिक दृश्य, नदियां, पर्वतीय क्षेत्र, ऐतिहासिक भवन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत फिल्मांकन के लिए विविध विकल्प उपलब्ध कराते हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार सहित गढ़वाल और कुमाऊं के कई क्षेत्रों में शूटिंग की संभावनाएं हैं। फिल्म नीति में टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी यानी 3टी पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को रोजगार के अवसर मिलने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा को भी बढ़ावा मिल सके।
अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रोजेक्ट को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक सुंदरता के साथ फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण भी मौजूद है। राज्य में फिल्म निर्माण का मजबूत इकोसिस्टम विकसित होने से अधिक से अधिक निर्माता यहां आकर्षित होंगे।
वहीं, फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उनके लिए दूसरे घर जैसा है। फिल्म की शूटिंग के लिए उपयुक्त लोकेशन तलाशने के उद्देश्य से वह 17 बार उत्तराखंड आए। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग और आत्मीयता की सराहना करते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया।
इस पैनल चर्चा के माध्यम से उत्तराखंड की फिल्म नीति, सब्सिडी और शूटिंग स्थलों की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के सामने रखा गया। फिल्म निर्माण गतिविधियों से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार मिलने के साथ होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी लाभ पहुंचने की संभावनाएं जताई गईं।



