उत्तराखण्ड
दिसंबर से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं का मानदेय।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं के मानदेय में दिसंबर 2026 से वृद्धि की घोषणा के बाद आंगनबाड़ी संगठनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उनका आभार जताया। रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री से भेंट की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक संबल मिलेगा। साथ ही उनका मनोबल भी बढ़ेगा। उन्होंने मानदेय बढ़ाने की घोषणा को उनके हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं सराहनीय हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके योगदान को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के समर्पण और सेवाभाव से महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन को मजबूती मिल रही है।
मुलाकात के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।



