Connect with us

बिन्दुखत्ता को मिलेगी सांस्कृतिक पहचान, एक हजार लोगों की क्षमता वाला सभागार बनेगा।

उत्तराखण्ड

बिन्दुखत्ता को मिलेगी सांस्कृतिक पहचान, एक हजार लोगों की क्षमता वाला सभागार बनेगा।

संवादसूत्र देहरादून/नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नैनीताल जिले के बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता में एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। साथ ही स्व. मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा केवल लोकगायक ही नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, मातृशक्ति का संघर्ष, युवाओं की भावनाएं और सामाजिक चेतना दिखाई देती है। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीतों के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और उनके अधिकारों का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम और लगाव को अभिव्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की वास्तविक पहचान उसकी कला और रचनाओं से होती है, जो उसके जाने के बाद भी समाज को प्रेरित करती रहती हैं। स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा की लोकगायकी ने उन्हें यही विशिष्ट स्थान दिलाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकथात महोत्सव हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोकभाषाओं, लोकगीतों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आधुनिकता के दौर में अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ विरासत के संरक्षण पर भी कार्य कर रही है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का विकास और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू किया गया है। सूर्यानाला और लालकुआं रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बिन्दुखत्ता में विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और लाइनों की स्थापना की जा रही है। लालकुआं क्षेत्र में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव की रोकथाम के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। वन क्षेत्रों से लगे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ भी लगाई जा रही है।

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। राज्य सरकार इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार से भी लगातार संवाद किया जा रहा है। उन्होंने वनाधिकार समिति के प्रतिनिधियों से भी इस विषय पर चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोक कलाकार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]