उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, छह जिलों में ऑरेंज चेतावनी।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के चलते अगले दो दिनों में कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 9 और 10 अगस्त के लिए विभिन्न जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ अत्यंत तीव्र वर्षा और आकाशीय बिजली की भी आशंका जताई है।
9 अगस्त को बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा तथा हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और अत्यंत तीव्र वर्षा की आशंका है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट है।
मौसम की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों को आवश्यक सावधानी बरतने और 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों को पर्याप्त संसाधन और उपकरण तैयार रखने तथा सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल यातायात बहाल करने को कहा गया है।
अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन स्विच ऑफ न करने और किसी भी आपदा की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) को देने के निर्देश दिए गए हैं।
सुमन ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने नदी-नालों, गदेरों और बरसाती नालों के आसपास न जाने, जलभराव वाले स्थानों और कमजोर पुलों को पार न करने तथा भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका वाले पर्वतीय मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने को कहा है। मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा टालने की भी अपील की गई है।




