उत्तराखण्ड
अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई के लिए बने सुविधाजनक रणनीति: सीईओ।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शनिवार को मंडलायुक्तों और सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और फील्ड स्टाफ के प्रयासों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अधिकारी लगातार फील्ड में जाकर मतदाताओं से संवाद करें, ताकि SIR को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति की स्थिति न बने। उन्होंने सभी जिलों में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली।
बारिश के कारण आवाजाही प्रभावित क्षेत्रों में विसंगति वाले मामलों को लेकर उन्होंने निर्देश दिए कि BLO आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर अपने स्तर से रिपोर्ट तैयार करें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। वहीं, अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई के लिए ERO और AERO को सुविधाजनक रणनीति तैयार करने को कहा गया।
बैठक में देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों को नोटिसों की सुनवाई के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप से हालिया जनपद भ्रमण का फीडबैक भी लिया और दोनों मंडलायुक्तों को लगातार फील्ड विजिट जारी रखने को कहा।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित दोनों मंडलायुक्त और सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।




