उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा आर्थिकी का आधार, नकारात्मक माहौल न बनाए।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा के विशेष सत्र में कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था के साथ-साथ आर्थिकी का भी प्रमुख आधार है, इसलिए इसके खिलाफ नकारात्मक माहौल नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर यात्रा को राजनीति का विषय बना रहे हैं, जो उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम आस्था का केंद्र है और इस यात्रा से लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में यात्रा का विरोध करने के बजाय यात्रियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
गैस संकट से किया इनकार
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश में गैस की कमी की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उनकी केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री से बातचीत हुई है और आपूर्ति सुचारु बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का असर वैश्विक स्तर पर पड़ रहा है, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इस चुनौती का मजबूती से सामना कर रहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कोविड काल में भी भारत ने अपनी क्षमता साबित की थी और अन्य देशों की मदद की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और चारधाम यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।




