उत्तराखण्ड
एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का सीएम ने किया शुभारंभ।



संवादसूत्र देहरादून, 17 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, देहरादून में आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता में देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रदेश को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। इससे उत्तराखंड की पहचान शीतकालीन एवं आइस स्पोर्ट्स के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि खेल विभिन्न देशों और समाजों को जोड़ने का माध्यम हैं तथा ऐसे आयोजन मित्रता, सद्भाव और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार से आगे बढ़कर अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन प्रदेश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ खेल पर्यटन को भी नई गति प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है। भारतीय खिलाड़ी आज ओलंपिक, एशियन गेम्स सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से आधुनिक एवं विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ है। इसी के परिणामस्वरूप उत्तराखंड अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी सक्षम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करने की दिशा में तेजी से कार्य चल रहा है। इसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी कार्य जारी है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।
उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिए जा रहे हैं। प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति, आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा एवं प्रशिक्षण तथा मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करना है।
एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।




