उत्तराखण्ड
भीषण गर्मी का कहर: देहरादून में कल सभी स्कूल बंद, डीएम का आदेश।

संवादसूत्र देहरादून: देहरादून में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार को सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। मौसम विभाग द्वारा जारी भीषण गर्मी के अलर्ट के बाद जिलाधिकारी सविन बंसल ने यह आदेश जारी किया।
जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ-साथ शासकीय, गैर-शासकीय और निजी स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) में एक दिन का अवकाश रहेगा। यह निर्णय विद्यार्थियों को तेज गर्मी और लू से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।
प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पतालों में हीट वेव से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल तापमान में राहत के आसार कम हैं और आने वाले दिनों में भी गर्मी का असर जारी रह सकता है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।




