उत्तराखण्ड
एडीबी के सहयोग से स्किल सेंटर, टिहरी रिंग रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर जोर।

संवादसूत्र देहरादून: सचिवालय में गुरुवार को एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) और उत्तराखण्ड सरकार के विभिन्न निर्माण विभागों के बीच अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने की, जिसमें राज्य में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में विभागों ने अपने प्रमुख प्रोजेक्ट्स का प्रस्तुतीकरण किया। मुख्य सचिव ने एडीबी से प्रदेश में कौशल विकास परियोजनाओं पर विशेष सहयोग का अनुरोध करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद में कम से कम एक मॉडल स्किल सेंटर स्थापित किया जाए, जहां युवाओं को प्रशिक्षण, प्रमाणन और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट पर फोकस किया जाएगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर जोर:
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को प्रदेश में पुल निर्माण और लैंडस्लाइड जोन ट्रीटमेंट से जुड़े प्रस्ताव एडीबी को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही टिहरी झील के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर एडीबी से वित्तपोषित कराने पर बल दिया।
शहरी विकास और बागवानी योजनाएं भी शामिल:
बैठक में अर्बन मोबिलिटी, अर्बन प्लानिंग, ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड टाउनशिप परियोजनाओं को भी एडीबी के सहयोग से आगे बढ़ाने की बात कही गई। उद्यान विभाग की योजनाओं को भी वित्तपोषण के लिए शामिल करने के निर्देश दिए गए, जबकि जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) से जुड़े जिलों को छोड़कर अन्य जिलों के प्रस्ताव एडीबी को भेजने की बात कही गई।
प्राथमिकता तय कर भेजे जाएंगे प्रस्ताव:
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे चरणबद्ध तरीके से अपनी योजनाओं की प्राथमिकता तय कर जल्द से जल्द एडीबी को प्रस्ताव प्रस्तुत करें।
इस दौरान एडीबी की कंट्री डायरेक्टर मियो ओका ने उत्तराखण्ड में चल रहे प्रोजेक्ट्स पर संतोष जताते हुए कहा कि राज्य सरकार जल्द प्रस्ताव उपलब्ध कराए, ताकि नई परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू किया जा सके।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




