उत्तराखण्ड
भारी बारिश का अलर्ट, कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद।

संवादसूत्र देहरादून: लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की गंभीर चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार 18 जुलाई को जनपद के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी पूर्वानुमान के आधार पर यह निर्णय लिया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा कुछ स्थानों पर अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
संभावित आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के लिए लागू रहेगा। इसके अलावा जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी शनिवार को बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए।




