उत्तराखण्ड
कांवड़ मेला-2026 में आस्था का विराट स्वरूप, करीब पांच करोड़ शिवभक्त पहुंचे हरिद्वार।

संवादसूत्र देहरादून/हरिद्वार: कांवड़ मेला-2026 में इस वर्ष हरिद्वार में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। करीब पांच करोड़ शिवभक्तों ने हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल उठाया और भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए देशभर से पहुंचे सभी शिवभक्तों का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष देवभूमि उत्तराखंड ने श्रद्धा के ऐसे विराट स्वरूप का साक्षात्कार किया, जिसमें करोड़ों शिवभक्तों की आस्था के साथ सेवा, अनुशासन और बेहतर व्यवस्थाओं का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का उत्तराखंड पहुंचना भगवान शिव के प्रति उनकी अटूट आस्था और प्रदेश की सेवा एवं आतिथ्य परंपरा में उनके विश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि इतने बड़े जनसमागम को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन और पुलिस के साथ स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन दल, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्था संभालने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सेवा और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता रही।
मुख्यमंत्री ने महादेव से सभी शिवभक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखने और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की।




