उत्तराखण्ड
14 महिलाओं और 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मान, पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी।

संवादसूत्र देहरादून : वीरांगना तीलू रौतेली के जन्मदिवस पर मुख्य सेवक सदन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की 14 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने तीलू रौतेली पुरस्कार की धनराशि 51 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार की राशि 51 हजार से बढ़ाकर 61 हजार रुपये करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरस्कार राशि में वृद्धि सम्मानित महिलाओं की सेवा, समर्पण और योगदान के प्रति सरकार के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सम्मानित महिलाएं उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति के लिए अनुकरणीय उदाहरण हैं। सरकार महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महिलाओं की प्रतिभा और योगदान को सम्मान देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक राज्य की हर बहन और बेटी आत्मनिर्भर नहीं बनती, तब तक सरकार चैन से नहीं बैठेगी।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तीलू रौतेली के जन्मदिवस पर दिया जाने वाला यह सम्मान उन महिलाओं और बेटियों के योगदान को पहचान देने का माध्यम है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और प्रतिभा के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। शिक्षा, खेल, कला-क्राफ्ट, समाज सेवा और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं प्रदेश का गौरव हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृतिचिह्न प्रदान किए। सभी पुरस्कार विजेताओं को 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई।
इन्हें मिला तीलू रौतेली पुरस्कार
अल्मोड़ा की पुष्पा फर्त्याल, बागेश्वर की दया दानू, चमोली की नंदा सती, चंपावत की रितीका बगौली, देहरादून की नीतू रानी, हरिद्वार की वैशाली शर्मा, नैनीताल की लतिका, पौड़ी गढ़वाल की प्रियंका पंत थपलियाल, पिथौरागढ़ की कलावती देवी और निशा पुनेठा, रुद्रप्रयाग की दुर्गा देवी, टिहरी गढ़वाल की सरिता कोठियाल, ऊधमसिंह नगर की पुष्पा देवी और उत्तरकाशी की स्वतंत्री बधानी को तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मान
राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार से अल्मोड़ा की सुनीता टम्टा, हेमा मेर, बबीता अधिकारी और सीमा देवी; बागेश्वर की आनंदी देवी; चमोली की शकुंतला बिष्ट, गीता चंद्रा और रत्ना बिष्ट; चंपावत की तुलसी देवी; देहरादून की रश्मि पंत, पूनम शाही और लक्ष्मी पंत; हरिद्वार की अनिता बर्मन, स्नेहलता, उमा रानी और फरहाना परवीन; नैनीताल की लीला, हंसा देवी और निर्मला टम्टा; पौड़ी गढ़वाल की संगीता देवी, माधुरी देवी, दर्शनी देवी, रेनू देवी और तुलसी; पिथौरागढ़ की सुनीता बेसड़ा और गंगा कार्की; रुद्रप्रयाग की सरस्वती देवी; टिहरी की सुषमा देवी, रोशनी देवी और पूनम देवी; ऊधमसिंह नगर की गुरप्रीत कौर, राधा बिष्ट और शकुंतला पाल तथा उत्तरकाशी की रेखा और रेखा जोशी को सम्मानित किया गया।
समारोह में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंशी लाल राणा और गोविंद सिंह समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




