उत्तराखण्ड
कैप्टन अजय पंत प्रकरण में भारतीय उच्चायोग सक्रिय, मुख्यमंत्री को दी कार्रवाई की जानकारी।

संवादसूत्र देहरादून: यूनाइटेड किंगडम में हिरासत में लिए गए उत्तराखंड निवासी कैप्टन अजय पंत के मामले में भारत का लंदन स्थित उच्चायोग लगातार सक्रिय बना हुआ है। उच्चायोग ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर अब तक की गई कार्रवाई और उपलब्ध कराई जा रही कांसुलर सहायता की जानकारी दी है।
उच्चायोग के अनुसार कैप्टन अजय पंत वर्तमान में यूनाइटेड किंगडम की एचएमपी विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। 19 जून 2026 को भारतीय उच्चायोग ने जेल की टेलीफोन व्यवस्था के माध्यम से उनसे संपर्क किया था। बातचीत के दौरान कैप्टन पंत ने स्वयं को स्वस्थ बताया और कहा कि उन्हें जेल परिसर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ नियमित संपर्क में हैं।
उच्चायोग ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया है कि मामले को यूनाइटेड किंगडम के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (एफसीडीओ) के समक्ष भी उठाया गया है, ताकि कैप्टन पंत को समयबद्ध कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई जा सके तथा उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
जानकारी के अनुसार भारतीय उच्चायोग कैप्टन पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता एनर्जियोस मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, कानूनी प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। कंपनी ने कैप्टन पंत को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और उनके परिवार को आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
उच्चायोग ने बताया कि न्यायालय में पेशी के बाद कैप्टन पंत को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है। उच्चायोग ने यह भी कहा है कि कैप्टन पंत और उनके परिवार को आवश्यक कांसुलर सहायता और सहयोग निरंतर उपलब्ध कराया जाता रहेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अपने नागरिकों के हितों और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि कैप्टन अजय पंत के मामले में राज्य सरकार भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि संबंधित सभी एजेंसियां समन्वित रूप से कार्य करते हुए कैप्टन पंत को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत हैं।




