उत्तराखण्ड
जल जीवन मिशन की 92.46% योजनाएं पूरी, शेष कार्य समयसीमा में पूरा करने के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए हर घर जल का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिशन की सफलता सिर्फ नल कनेक्शन देने से नहीं, बल्कि हर घर में नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचने से तय होगी।
राज्य में जल जीवन मिशन की 16,555 योजनाओं में से 15,540 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 1,015 योजनाएं निर्माणाधीन हैं। मिशन की औसत प्रगति 92.46 प्रतिशत बताई गई। वहीं, 14.48 लाख ग्रामीण परिवारों में से 14.20 लाख परिवारों को नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने लंबित योजनाओं को मिशन मोड में पूरा करने, पूर्ण योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कराने और योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवीकरण, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के पुनर्भरण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि राज्य के 14,979 गांवों में से 9,796 गांवों में हर नल से जल का सत्यापन पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने जनपदवार लक्ष्य, समयसीमा और जवाबदेही तय करने तथा अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।




