उत्तराखण्ड
राज्य में 9 से 11 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में 9 से 11 अगस्त के बीच मानसून के एक बार फिर सक्रिय रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने विशेष प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार 9 अगस्त को चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना है।
10 अगस्त को देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सचिव विनोद कुमार सुमन ने संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधन और उपकरण तैयार रखने के साथ ही बारिश के कारण सड़क मार्ग बाधित होने पर तत्काल यातायात बहाल करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
अधिकारियों और कर्मचारियों को मौसम की इस अवधि में मोबाइल फोन स्विच ऑफ न रखने, आवश्यक सुरक्षा उपकरण साथ रखने और किसी भी आपदा की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को देने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव सुमन ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की है। उन्होंने भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गदेरों और बरसाती नालों के आसपास न जाने, जलभराव वाले स्थानों और कमजोर पुलों को पार न करने की सलाह दी है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका वाले मार्गों पर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।




