उत्तराखण्ड
नंदा गौरा योजना: 33 हजार से अधिक बेटियों को 145.93 करोड़ की सौगात।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार तक हर स्तर पर उन्हें सशक्त बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।
गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत नंदा गौरा योजना के तहत प्रदेश की 33,251 बालिकाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से 1 अरब 45 करोड़ 93 लाख रुपये की धनराशि एक क्लिक के जरिए हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव को समाप्त कर कन्या जन्म को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं उत्तीर्ण करने पर उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि अब तक योजना के तहत 3,77,784 बालिकाओं को कुल 11 अरब 68 करोड़ 49 लाख रुपये की धनराशि वितरित की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण भी दे रही है, जिससे महिलाओं की भागीदारी और कार्य संस्कृति दोनों मजबूत हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लखपति दीदी योजना के माध्यम से भी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना कन्या भ्रूण हत्या पर रोक, संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहन, बालिका शिक्षा को बढ़ावा तथा लैंगिक असमानता को कम करने में प्रभावी साबित हो रही है।
इस अवसर पर विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि इस वर्ष लाभान्वित 33,251 बालिकाओं में 5,913 नवजात हैं, जबकि 27,338 बालिकाओं को 12वीं उत्तीर्ण करने पर प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।
कार्यक्रम में सचिव श्री चंद्रेश कुमार, विभागीय निदेशक श्री बंशीलाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




