उत्तराखण्ड
खुली नहर बनी हादसे का कारण, जिला प्रशासन सख्त,सिंचाई विभाग पर दर्ज हुआ मुकदमा।

संवादसूत्र देहरादून: जनपद में सड़क सुरक्षा एवं निर्माण कार्यों के दौरान बरती जा रही लापरवाहियों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कैनाल रोड, अपर तुनवाला क्षेत्र में सिंचाई विभाग की खुली नहर में गिरकर एक बुजुर्ग व्यक्ति के घायल होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन की क्यूआरटी द्वारा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अपर तुनवाला क्षेत्र में स्थित सिंचाई विभाग की पुरानी नहर, जो सड़क से लगभग डेढ़ फीट ऊँचाई पर पेवमेंट के रूप में बनी हुई है, की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। नहर की नियमित सफाई के लिए कई स्थानों पर स्लैब हटाए गए थे, लेकिन पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए। कोहरे के कारण मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग व्यक्ति को खुला स्लैब दिखाई नहीं दिया और वे नहर में गिरकर घायल हो गए।
प्रथम दृष्टया यह घटना सीवर निर्माण कार्य से संबंधित नहीं पाई गई है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि निर्माण अथवा सफाई कार्यों के दौरान यदि आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ किया गया तो संबंधित विभागों, कार्यदायी संस्थाओं एवं ठेकेदारों के विरुद्ध बिना किसी चेतावनी के आपराधिक मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। सड़क कटिंग, खुले गड्ढे अथवा असुरक्षित कार्यस्थल किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
जिला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण एवं सफाई कार्यों के दौरान पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रात्रिकालीन रिफ्लेक्टर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएँ, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह भी स्पष्ट किया गया है कि कैनाल रोड, अपर तुनवाला क्षेत्र में सीवर पाइपलाइन डालने के पश्चात सड़क रेस्टोरेशन का कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में मौके पर किसी प्रकार की रोड कटिंग का कार्य संचालित नहीं है तथा सड़क का प्राथमिक रेस्टोरेशन पूर्ण किया जा चुका है।




