उत्तराखण्ड
विपक्षी विधायक ने मंच से सराहा धामी सरकार का विकास मॉडल।

संवादसूत्र देहरादून/गोपेश्वर। चमोली जिले के गोपेश्वर में आयोजित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जिसने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी। बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की खुलकर प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी विधानसभा में सबसे अधिक विकास कार्य हुए हैं और इसके लिए वे मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
अपने संबोधन में बुटोला ने कहा कि अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों की उपेक्षा की जाती है, लेकिन उनके अनुभव इसके विपरीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है, जिससे क्षेत्र की जनता को लाभ मिला है। कांग्रेस विधायक का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच लगातार राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। ऐसे में विपक्ष के विधायक द्वारा मुख्यमंत्री की सार्वजनिक सराहना को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री की जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। सुबह से ही चमोली और आसपास के क्षेत्रों से लोग गोपेश्वर के पुलिस मैदान पहुंचने लगे थे। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान पूरा मैदान लोगों से खचाखच भरा नजर आया और कार्यक्रम में जनसैलाब जैसा माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 113.99 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 योजनाओं का शिलान्यास तथा 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन और खेल अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के बाद कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला के बयान और मुख्यमंत्री की सभा में उमड़ी भारी भीड़ को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि विकास कार्यों को लेकर विपक्षी विधायक की यह टिप्पणी आने वाले दिनों में उत्तराखंड की राजनीति में चर्चा का प्रमुख विषय बनी रह सकती है।




