उत्तराखण्ड
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर निर्वाचन आयोग की दो दिवसीय समीक्षा बैठक संपन्न।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की दो दिवसीय उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। बैठक में प्रदेश के दोनों मंडलायुक्तों, पुलिस रेंज के अधिकारियों, सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने चुनावी तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी सीमा खन्ना और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के पहले दिन सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विधानसभा चुनाव 2027 के दृष्टिगत ईवीएम की जांच और उससे संबंधित प्रक्रियाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मंगलवार को बैठक के दूसरे दिन सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों में चुनाव तैयारियों की स्थिति से आयोग के प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गई फोर्स डिप्लॉयमेंट योजना का प्रस्तुतीकरण दिया।
आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित निर्वाचन प्लानर के अनुसार समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में अर्द्धसैनिक बलों, आबकारी, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और सीमा शुल्क विभाग सहित 21 प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों ने भी चुनाव संबंधी तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया। इन एजेंसियों की भूमिका चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एसबी जोशी और बीके पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी नीलेश आनंद भरणे, कुमाऊं रेंज की आईजी नवनीत कुकरेती, गढ़वाल रेंज की प्रभारी आईजी विम्मी सचदेवा, स्टेट पुलिस नोडल अधिकारी आईजी कृष्ण कुमार वीके तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास भी बैठक में शामिल हुए।



