उत्तराखण्ड
देहरादून–मसूरी रोपवे को रफ्तार देने का आदेश।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में रोपवे परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए मुख्य सचिव आनन्दवर्धन की अध्यक्षता में प्रथम बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों, हितधारकों और पीपीपी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ प्रदेश में संचालित और प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने कहा कि रोपवे परियोजनाएं राज्य की अर्थव्यवस्था, पर्यटन, यातायात सुविधा (मोबिलिटी) और समग्र विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि विजिबिलिटी स्टडी सहित सभी प्रारंभिक प्रक्रियाएं समय रहते हाई पावर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत की जाएं, ताकि निर्णय प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।
पीपीपी मोड पर विशेष फोकस
बैठक में पीपीपी मोड पर बनने वाली परियोजनाओं के तकनीकी, वित्तीय और प्रशासनिक अनुमोदनों को शीघ्र पूरा करने तथा तय समयसीमा में कार्य संपन्न करने पर जोर दिया गया।
देहरादून–मसूरी रोपवे परियोजना में हो रही देरी पर संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को प्रगति में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, निर्माण एजेंसियों और पुलिस सहित सभी संबंधित संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा, ताकि स्थानीय स्तर की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज पांडेय, धीरज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव अभिषेक रूहेला तथा National Highways Logistics Management Limited (एनएचएलएमएल) के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




