उत्तराखण्ड
देहरादून में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: एक बदमाश ढेर, थानाध्यक्ष घायल।


संवादसूत्र देहरादून: बुधवार रात सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक बदमाश मारा गया जबकि दो अन्य जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस दौरान प्रेमनगर थानाध्यक्ष नरेश राठौर को भी गोली लगने से गंभीर चोट आई है।
जानकारी के अनुसार, झाझरा निवासी ठेकेदार देवराज देर रात काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे के बल पर नकदी और सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने ठेकेदार पर फायर झोंक दिया।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पास में चेकिंग कर रहे प्रेमनगर थानाध्यक्ष नरेश राठौर मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने थानाध्यक्ष पर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां उन्हें लगीं।
इसके बावजूद नरेश राठौर ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश मौके पर ही ढेर हो गया। कुछ ही देर में अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दो बदमाश जंगल में फरार हो चुके थे।
घायल थानाध्यक्ष और ठेकेदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारे गए बदमाश के शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस द्वारा शहर और आसपास के जंगलों में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।




