उत्तराखण्ड
खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियां तेज, 1 सितंबर से 30 अक्टूबर तक होंगे आयोजन।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में खेल महाकुंभ-2026 मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विस्तृत कार्ययोजना जारी कर दी है। प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां
- 1–10 सितंबर: न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं
- 11–20 सितंबर: विधानसभा स्तर पर विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी
- 21–30 सितंबर: संसदीय क्षेत्र स्तर पर सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी
- 10 सितंबर–30 अक्टूबर: राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी
न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। विधानसभा स्तर पर वॉलीबाल और पिट्टू तथा संसदीय क्षेत्र स्तर पर मलखंब, रस्साकशी, गोली (कंचा), फुटबाल और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
राज्य स्तर पर जूडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कराटे, बास्केटबाल, हॉकी, हैंडबाल, योगासन, तैराकी, तीरंदाजी, फेंसिंग, कुश्ती, पेंचक सिलाट, पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बेसबाल और लॉन टेनिस समेत विभिन्न खेलों में प्रतियोगिताएं होंगी। महिला ओपन तथा दिव्यांगजन महिला एवं पुरुष ओपन वर्ग के लिए भी प्रतियोगिताएं निर्धारित की गई हैं।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल की निदेशक दीप्ति सिंह ने आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना जारी करते हुए संबंधित विभागों से समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के अवसर प्रदान करना है।




