उत्तराखण्ड
यूजेवीएनएल में अधिकारियों और कार्मिकों को मिली प्रोन्नति, छह वरिष्ठ अधिकारियों का पदोन्नयन।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) में अधिशासी निदेशक, महाप्रबंधक और उपमहाप्रबंधक समेत विभिन्न पदों पर प्रोन्नतियां की गई हैं। मुख्य सचिव एवं यूजेवीएनएल के अध्यक्ष आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई विभागीय चयन समिति की बैठक में पदोन्नति के प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया।
चयन समिति में प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव उद्योग डॉ. सौरभ गहरवार, यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह, निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल, अधिशासी निदेशक मानव संसाधन आशीष जैन और यूपीसीएल के निदेशक परिचालन मदन राम आर्य शामिल रहे।
यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि संजय पटेल को अधिशासी निदेशक (परिचालन एवं अनुरक्षण), नरेश चंद्र खुल्बे को महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिक) और धर्मेंद्र सिंह को महाप्रबंधक (सिविल) के पद पर पदोन्नति दी गई है।
इसी तरह हरीश धपोला और पंकज कुमार को उपमहाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिक) तथा शशिकांत को उपमहाप्रबंधक (सिविल) पद पर प्रोन्नत किया गया है। सहायक अभियंता से अधिशासी अभियंता के पद पर भी दो अभियंताओं को पदोन्नति दी गई है। इसके अलावा 24 अन्य कार्मिकों के भी प्रोन्नति आदेश जारी किए गए हैं।
मुख्य सचिव एवं यूजेवीएनएल अध्यक्ष आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम और प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने सभी पदोन्नत अधिकारियों और कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, दक्षता और समर्पण के साथ करते हुए अधिकारी एवं कार्मिक निगम को ऊर्जा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देंगे।




