उत्तराखण्ड
इन्वेस्टर समिट एमओयू ग्राउंडिंग में रिकॉर्ड प्रगति, मुख्यमंत्री ने दिए तेज़ी के सख्त निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के तहत हुए एमओयू एवं उनकी ग्राउंडिंग की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि अब तक 3,57,693 करोड़ रुपये के 1,779 एमओयू में से 1,06,953 करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंडिंग सफलतापूर्वक हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के औद्योगिक और आर्थिक भविष्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह निवेशकों के बढ़ते विश्वास, सुशासन और उद्योग-अनुकूल वातावरण का प्रमाण है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि एमओयू के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का त्वरित समाधान किया जाए, प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी नियुक्त हों और परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन, उद्योग और निवेश के नए अवसरों पर विशेष फोकस करते हुए पिथौरागढ़, कैंची धाम जैसे पर्यटन स्थलों में होटल निर्माण को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक जनपद में “उद्योग मित्र समिति” की नियमित बैठक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संस्कृति और अध्यात्म को विकास से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने स्पिरिचुअल ज़ोन डेवलपमेंट, आयुर्वेद एम्स की स्थापना तथा भराड़ीसैंण में मंदिर एवं अवसंरचनात्मक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में वरिष्ठ सचिवों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




