उत्तराखण्ड
हाउस ऑफ हिमालयाज की बिक्री 3.7 करोड़ के पार।
संवादसूत्र देहरादून: पहाड़ की महिलाओं की मेहनत से तैयार विशुद्ध उत्तराखंडी उत्पादों के कॉमन ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ने लांचिंग के दो वर्षों के भीतर 3.7 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। आने वाले समय में हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद विदेशी बाजारों में भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
ग्रामीण विकास विभाग के अधीन संचालित हाउस ऑफ हिमालयाज, उत्तराखंड की महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों, किसान उत्पादक संगठनों एवं ग्रामीण उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों का एक साझा ब्रांड है। इसका शुभारंभ दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। प्रधानमंत्री के हाथों लांचिंग के बाद ब्रांड की मांग में तेज़ी से वृद्धि हुई और बीते दो वर्षों में इसकी कुल बिक्री 3.7 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई।
वर्तमान में हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद ऑफलाइन आउटलेट्स के साथ-साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जियोमार्ट, अमेज़न, ब्लिंकिट, बिग बास्केट एवं ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट houseofhimalayas.com पर उपलब्ध हैं।
50 विशिष्ट उत्पादों की श्रृंखला हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के अंतर्गत वर्तमान में लगभग 50 विशिष्ट उत्पाद शामिल हैं। इनमें मिलेट्स बिस्किट, मुन्स्यारी, चकराता एवं हर्षिल की राजमा, चौलाई, तोर दाल, पहाड़ का पारंपरिक लाल चावल, झंगोरा, गहथ, काले भट्ट, चाय, तेल, पर्सनल केयर एवं हस्तशिल्प उत्पाद शामिल हैं।
उत्पादों की गुणवत्ता की जांच तीन स्तरों पर की जा रही है। सरकार द्वारा स्थानीय मेलों, त्योहारों, सरकारी कार्यक्रमों एवं कार्यालयों के माध्यम से इन उत्पादों की बिक्री को प्रोत्साहित किया जा रहा है। दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों के अवसर पर तैयार किए गए विशेष गिफ्ट पैक को उपभोक्ताओं से व्यापक सराहना मिली है।
3,300 से अधिक महिलाओं को प्रत्यक्ष रोजगार
हाउस ऑफ हिमालयाज के अंतर्गत अब तक 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत किए जा चुके हैं। इस ब्रांड से राज्य की 3,300 से अधिक ग्रामीण महिलाएं प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई हैं, जबकि विस्तृत क्रय नेटवर्क के माध्यम से 28,000 से अधिक महिलाओं को अप्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो रहा है।
उत्पाद राज्य एवं देश के प्रमुख शहरों में 26 आउटलेट्स के माध्यम से बिक्री के लिए उपलब्ध हैं, जिनमें जौलीग्रांट एयरपोर्ट का एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट भी शामिल है। इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठित होटल श्रृंखलाओं, यात्रा केंद्रों एवं चारधाम मार्ग पर 10 फ्लोर-स्टैंडिंग यूनिट्स स्थापित की गई हैं।
कंपनी द्वारा Reliance Freshpik, Flipkart एवं Zepto के साथ अनुबंध के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं विदेशी बाजार में प्रवेश के लिए Amazon Global और Walmart के साथ साझेदारी की दिशा में पहल जारी है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा—
“माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल टू ग्लोबल’ विजन के अनुरूप हाउस ऑफ हिमालयाज का उद्देश्य उत्पादों की गुणवत्ता एवं पैकेजिंग को सुदृढ़ बनाकर प्रामाणिक हिमालयी उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रीमियम बाजारों में स्थापित करना है। इससे प्रदेश के किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिकी को मजबूती मिली है।”




