उत्तराखण्ड
कांवड़ मेले के चलते दो दिन स्कूल बंद,10 और 11 अगस्त को अवकाश।

संवादसूत्र ऋषिकेश: कांवड़ मेले के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ती भीड़ को देखते हुए ऋषिकेश तहसील क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी स्कूलों में 10 और 11 अगस्त को दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में एसडीएम कार्यालय की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार नगर निगम ऋषिकेश, गुमानीवाला, श्यामपुर-खैरीखुर्द और रायवाला क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और अशासकीय मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की शिक्षण गतिविधियां बंद रहेंगी।
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। संबंधित शिक्षण संस्थानों को आदेश का तत्काल प्रभाव से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा के चलते ऋषिकेश समेत हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंच रहे हैं। यात्रा मार्गों पर लगातार बढ़ रहे यातायात और भीड़ के बीच प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है।




