उत्तराखण्ड
तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मार्ग तैयार,वाहनों की आवाजाही शुरू।


संवादसूत्र देहरादून/चमोली, 11 अगस्त। नीती घाटी में भारी बारिश के बाद तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बहने के कारण बाधित हुई वाहनों की आवाजाही मंगलवार को बहाल कर दी गई। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मोटर मार्ग तैयार किया, जिसके बाद इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।
मार्ग बहाली के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर लगातार जुटी रहीं। त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु की गई। हालांकि, अस्थायी मार्ग होने के कारण वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
वहीं, तमक नाले में वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता हुए एक व्यक्ति की तलाश में मंगलवार को दूसरे दिन भी सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी रहा। जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सीमा सड़क संगठन की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। नदी के किनारे और संभावित स्थानों पर लापता व्यक्ति की गहन तलाश की जा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मौके पर तैनात सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अस्थायी मार्ग से आवागमन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा मौके पर तैनात प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




