उत्तराखण्ड
बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के 1,872 आवासों का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण।

संवादसूत्र देहरादून/रुद्रपुर: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार को रुद्रपुर के बागवाला क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1,872 आवासों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियों के पूरा होते ही इन आवासों का लोकार्पण कर पात्र लाभार्थियों को चाबियां सौंप दी जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने आवासों की गुणवत्ता का जायजा लिया और लाभार्थियों द्वारा जमा की गई अंशदान राशि की भी जानकारी प्राप्त की।
जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रत्येक आवास के लिए 3 लाख रुपये की सहायता सरकार द्वारा दी गई है, जबकि 3 लाख रुपये लाभार्थी द्वारा अंशदान के रूप में जमा किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आवासों की साफ-सफाई का कार्य अंतिम चरण में है तथा परिसर में पौधारोपण कराया जा रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आवासीय परिसर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया जा चुका है और उसकी परीक्षण प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर जल्द से जल्द आवासों का आवंटन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को अपने नए घरों का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उपजिलाधिकारी गौरव पांडेय, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेंद्र नवानी, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




