उत्तराखण्ड
राज्य में सड़क नेटवर्क होगा मजबूत, कई हाईवे परियोजनाओं को 2027-28 में मंजूरी का लक्ष्य।

संवादसूत्र देहरादून: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास और चौड़ीकरण की प्रगति से अवगत कराया है। केंद्र सरकार ने राज्य में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को वर्ष 2027-28 तक स्वीकृति देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सितंबर 2026 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखकर टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजनाओं के अंतर्गत प्रस्तावित स्केप टनलों को दो लेन के मोटर वाहन यातायात के अनुकूल बनाने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री के इस अनुरोध के क्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र के माध्यम से विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की स्थिति साझा की है।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तहत टनकपुर से जौलजीबी तक 183 किलोमीटर मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। चम्पावत बाईपास का 10 किलोमीटर लंबा कार्य प्रगति पर है, जबकि लोहाघाट और पिथौरागढ़ बाईपास को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-109के के तहत जौलजीबी से बागेश्वर तक 190 किलोमीटर मार्ग में जौलजीबी से बंगापानी तक 29 किलोमीटर का कार्य स्वीकृत है। शेष 160 किलोमीटर बंगापानी-बागेश्वर मार्ग के चौड़ीकरण की डीपीआर तैयार हो चुकी है। इसे भी वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी तरह बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक 108 किलोमीटर मार्ग के दो लेन चौड़ीकरण की डीपीआर पूरी कर ली गई है। इसके लिए भी वर्ष 2027-28 में स्वीकृति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के अंतर्गत ऋषिकेश से उत्तरकाशी तक 143 किलोमीटर मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। वहीं, उत्तरकाशी से गंगोत्री तक 100 किलोमीटर मार्ग में 14 किलोमीटर का कार्य स्वीकृत है, जबकि शेष 86 किलोमीटर के कार्य को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने की योजना है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस दिशा में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाओं से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार और सामरिक दृष्टि से भी राज्य को लाभ होगा।



