उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में मानसून की दस्तक में होगी देरी, गर्मी और उमस से लोग बेहाल।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में इस वर्ष मानसून के लगभग एक सप्ताह की देरी से पहुंचने की संभावना है। मानसून के इंतजार के बीच प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को तापमान में बढ़ोतरी के कारण दिनभर गर्म हवाएं चलीं और उमस का असर भी साफ देखने को मिला।
देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी तीन से चार दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून की दस्तक हो सकती है। इससे पहले पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे वहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का असर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने शनिवार को पर्वतीय जिलों के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने, गर्जन होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।




