Connect with us

आइस स्केटिंग में उत्तराखंड की चमक, 19 पदक विजेता खिलाड़ियों का हुआ सम्मान।

उत्तराखण्ड

आइस स्केटिंग में उत्तराखंड की चमक, 19 पदक विजेता खिलाड़ियों का हुआ सम्मान।

संवादसूत्र देहरादून:। 21वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल करने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों को पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। रविवार को उनके आवास पर आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया गया।

देहरादून स्थित आइस स्केटिंग रिंक ‘हिमाद्रि’ में आयोजित 21वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 19 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्थान हासिल किए और पदक जीते। प्रतियोगिता के प्रमाण पत्र हाल ही में एसोसिएशन को प्राप्त हुए थे, जिन्हें कार्यक्रम में खिलाड़ियों को वितरित किया गया।

एसोसिएशन के अनुसार, राज्य में लंबे समय तक आइस स्केटिंग के लिए रिंक की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के बावजूद उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। खिलाड़ियों ने शिमला, गुरुग्राम के साथ ही बैंकॉक, हांगकांग, फिलीपींस, यूएई, कंबोडिया और सिंगापुर जैसे स्थानों पर प्रशिक्षण लेकर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। एसोसिएशन का दावा है कि राज्य के खिलाड़ी अब तक 60 से अधिक राष्ट्रीय और सात से अधिक अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल कर चुके हैं।

एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव पैन्यूली ने कहा कि करीब 14 वर्षों के प्रयासों और लगातार मांग के बाद देहरादून में ‘हिमाद्रि’ आइस स्केटिंग रिंक की सुविधा उपलब्ध होना खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य की देखरेख और विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित सिन्हा के प्रयासों से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

पैन्यूली ने भगत सिंह कोश्यारी से मांग की कि राज्य के खिलाड़ियों को ‘हिमाद्रि’ आइस स्केटिंग रिंक में निशुल्क अथवा विशेष रियायती दरों पर अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जाएं। इस संबंध में एसोसिएशन और खिलाड़ियों की ओर से उन्हें मांग पत्र भी सौंपा गया।

कार्यक्रम में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें खेलों को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य के प्रति धैर्य और निरंतर मेहनत बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेल के साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देना चाहिए, ताकि वे जीवन में सफलता के शिखर तक पहुंच सकें।

कोश्यारी ने युवाओं को नशे से दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें और देश, प्रदेश व अपने माता-पिता का नाम रोशन करें। उन्होंने वर्ष 2025 में उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों की सफलता का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

‘हिमाद्रि’ आइस रिंक के उपयोग को लेकर उन्होंने खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग और विशेष रियायतों व सुविधाओं की उपलब्धता के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम में महिला वर्ग में मीमांसा नेगी, अग्रिमा भट्ट, हिमाग्नि शर्मा, वान्या भंडारी, अपूर्वा सिंह और मानवी ढोंडियाल को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पुरुष वर्ग में अथर्व भट्ट, ओजस तैनजिंग धरमशकतू, अनमोल सजवाण, ऋषभ रावत, अथर्व सिंह चौहान, अधिराज देव राहूल, आयुष रमेश कंसवाल, आयुष जगुड़ी, आदर्श रावत, धैर्य और मौलिक अग्रवाल शामिल रहे।

इस अवसर पर आइस स्केटिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी यशवंत सिंह, नागेंद्र सिंह नेगी और सुभाष जगुड़ी समेत खिलाड़ी व उनके अभिभावक मौजूद रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

आलेख

हरेला…

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]