उत्तराखण्ड
युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री।

संवादसूत्र देहरादून/रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में कहा कि उत्तराखंड का युवा राज्य और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार तथा प्रतिभा ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे सशक्त स्तंभ मानते हुए शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं। उन्होंने बताया कि स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार और उद्यम के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसी पहलें स्थानीय उत्पादों और युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान दिला रही हैं। वहीं स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाएं भी रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की प्रभावी नीतियों के कारण उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है तथा राज्य में रिवर्स माइग्रेशन का सकारात्मक वातावरण बन रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब, परीक्षा भवनों का निर्माण तथा उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। साथ ही पिछले साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिससे रोजगार और निवेश के नए अवसर विकसित हुए हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए उनके विभिन्न प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
युवा भुनेश गोयल के रोजगार, सुरक्षा और शासन-प्रशासन में युवाओं की भागीदारी संबंधी प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है तथा भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।
रीया वंदना द्वारा सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर सेल सोशल मीडिया की निगरानी कर रही है और अफवाह फैलाने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों पर सोनालिका के प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कुंभ को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां कर रही है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, घाटों के निर्माण और विस्तार के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित निगरानी व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।




