उत्तराखण्ड
रिश्वतखोरी और आय से अधिक संपत्ति के मामलों पर सरकार सख्त, विजिलेंस की कार्रवाई तेज।
1064 ऐप से आम जनता को मिली शिकायत दर्ज कराने की सुविधा, विजिलेंस को स्वतंत्र कार्रवाई की छूट

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। प्रदेश में पारदर्शी, ईमानदार और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि विजिलेंस विभाग को भ्रष्टाचार के मामलों में स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की कार्रवाई केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध भी कठोर कदम उठाए गए हैं। सरकार की नीति स्पष्ट है कि पद, प्रतिष्ठा और प्रभाव के आधार पर किसी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। रिश्वतखोरी, आय से अधिक संपत्ति और सरकारी कार्यों में अनियमितताओं से जुड़े मामलों में सतर्कता विभाग लगातार जांच और कार्रवाई कर रहा है। ट्रैप कार्रवाई के माध्यम से रिश्वत लेते हुए कई अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा विभिन्न मामलों में निलंबन और विभागीय कार्रवाई भी की गई है।
सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई की है। हरिद्वार नगर निगम के भूमि घोटाले में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों सहित कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, आय से अधिक संपत्ति के मामले में आईएएस अधिकारी राम विलास यादव के विरुद्ध भी कार्रवाई हुई। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में खरीद से जुड़ी अनियमितताओं और उत्तराखण्ड परिवहन निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाई जा रही है। सतर्कता विभाग के 1064 ऐप के माध्यम से आम नागरिक रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें सीधे दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद विजिलेंस आवश्यक कार्रवाई करती है, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा जाता है। इससे आम लोगों के लिए शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया आसान हुई है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए विजिलेंस विभाग को आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जांच के साथ ही न्यायालयों में प्रभावी पैरवी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है अथवा अपने पद का दुरुपयोग करता है तो इसकी सूचना निर्भीक होकर सतर्कता विभाग को दें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प होना चाहिए। जनसहयोग से ही पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



