उत्तराखण्ड
आईआईएम काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन, युवाओं को मिलेगी उच्च गुणवत्ता की मैनेजमेंट शिक्षा।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को देहरादून में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के प्रस्तावित देहरादून कैंपस का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस खुलने से उत्तराखंड के साथ ही आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही मैनेजमेंट से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी क्षमताओं को विकसित करने और नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि देहरादून में आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की मौजूदगी से प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, सीपीडब्ल्यूडी देहरादून के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों एवं आईआईएम काशीपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।




