उत्तराखण्ड
आपदा सुरक्षित उत्तराखंड के लिए विश्व बैंक जारी रखेगा सहयोग : डोनोहोई।

संवादसूत्र देहरादून। विश्व बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चीफ नॉलेज ऑफिसर पास्कल डोनोहोई ने कहा कि उत्तराखंड आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। ऐसे में आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि आपदा सुरक्षित उत्तराखंड के निर्माण के लिए विश्व बैंक भविष्य में भी अपना सहयोग जारी रखेगा।
पास्कल डोनोहोई के नेतृत्व में विश्व बैंक की हाई लेवल टीम ने बुधवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का भ्रमण किया। इस दौरान टीम ने विश्व बैंक के सहयोग से संचालित आपदा प्रबंधन एवं आपदा जोखिम न्यूनीकरण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
डोनोहोई ने विश्व बैंक पोषित योजनाओं और यू-प्रिपेयर परियोजना के तहत संचालित कार्यों, विशेषकर उत्तराखंड में भूस्खलन न्यूनीकरण के प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में अपनाई जा रही तकनीकों, जोखिम न्यूनीकरण के उपायों और राज्य के सामने मौजूद चुनौतियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अध्ययन और मजबूत संस्थागत क्षमता का निरंतर विकास जरूरी है।
विश्व बैंक की टीम ने यू-प्रिपेयर परियोजना के तहत अत्याधुनिक भूकंपरोधी एवं बेस आइसोलेशन तकनीक से निर्मित यूएसडीएमए भवन का भी निरीक्षण किया। टीम ने भवन में अपनाई गई आधुनिक तकनीकों और आपदा प्रतिरोधी निर्माण की सराहना की। इस दौरान भवन की संरचनात्मक विशेषताओं और भूकंप जैसी आपदाओं के दौरान इसकी सुरक्षा क्षमता के बारे में जानकारी दी गई।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास ने उत्तराखंड में आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए विश्व बैंक से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विश्व बैंक के सहयोग से प्रदेश में 36 पुलों का निर्माण, आपदा शेल्टर निर्माण, अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद और स्लोप स्टैबिलाइजेशन से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से विभिन्न विभागों की आपदाओं से निपटने की क्षमता को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही आपदा के दौरान त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय एवं आपदा संवेदनशील राज्य में सुरक्षित और मजबूत बुनियादी ढांचे का विकास सरकार की प्राथमिकता है।
विश्व बैंक की टीम ने यूएसडीएमए द्वारा आपदा जोखिम न्यूनीकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी वित्तीय सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।




