उत्तराखण्ड
उत्तराखंड भाजपा में संगठनात्मक बदलाव,राम माधव बने प्रदेश प्रभारी।

संवादसूत्र देहरादून: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियों का ऐलान किया है। पार्टी की ओर से जारी प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नई सूची में राम माधव को उत्तराखंड भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है।
वहीं अरविंद मेनन और सांसद बांसुरी स्वराज को उत्तराखंड का सह प्रभारी बनाया गया है। पार्टी के आदेश के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
भाजपा ने उत्तराखंड के साथ ही अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भी प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नई सूची जारी की है। नई नियुक्तियों के बाद उत्तराखंड में प्रदेश संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय की जिम्मेदारी राम माधव के नेतृत्व वाली नई टीम के पास होगी।
राम माधव इससे पहले भी भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। नई टीम की नियुक्ति को उत्तराखंड भाजपा के संगठनात्मक कामकाज के लिहाज से महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।




