उत्तराखण्ड
केदारताल में लापता आठ लोगों की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से दो बार की गई हवाई रेकी।

संवादसूत्र देहरादून/उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के केदारताल क्षेत्र में लापता सात ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश में एसडीआरएफ का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के चलते तलाशी अभियान में कठिनाइयां आ रही हैं। इसके मद्देनजर हेलीकॉप्टर की मदद से केदारताल क्षेत्र की दो बार सघन हवाई रेकी कराई गई, हालांकि लापता लोगों या उनके टेंट के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिल सके।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर लापता लोगों की तलाश के लिए विशेष पर्वतारोहण टीम को अभियान में लगाया गया है। इससे पहले एसडीआरएफ की गंगोत्री टीम के जवानों ने केदारताल क्षेत्र में पहुंचकर रेकी की थी। लेकिन अत्यधिक बर्फबारी और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सर्च अभियान को आगे बढ़ाने में मुश्किलें आ रही थीं।
इसके बाद एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल रवि चौहान और कांस्टेबल दीपक पंत हेलीकॉप्टर से हर्षिल पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदारताल क्षेत्र का दो बार हवाई सर्वेक्षण किया गया। हालांकि, इस दौरान लापता ट्रैकर्स और उनके टेंट का कोई स्पष्ट दृश्य संकेत नहीं मिल पाया।
एसडीआरएफ की टीमें दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद लापता सात ट्रैकर्स और गाइड की तलाश में जुटी हैं। मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।



