उत्तराखण्ड
केदारनाथ हेली सेवा के दूसरे चरण में नहीं बढ़ेगा किराया, 15 सितंबर से शुरू होगी सेवा।
गुप्तकाशी से ₹12,154, फाटा से ₹9,680 और सिरसी से ₹6,086 रहेगा आने-जाने का किराया

संवादसूत्र देहरादून: चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में 15 सितंबर से शुरू होने जा रही केदारनाथ हेली सेवा को लेकर तीर्थयात्रियों के लिए राहत की खबर है। दूसरे चरण में हेलिकॉप्टर सेवा के किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने चारधाम यात्रा के तहत गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से केदारनाथ के लिए हेली सेवा संचालित करने को नौ कंपनियों के साथ अनुबंध किया है। निर्धारित किराये के अनुसार गुप्तकाशी से केदारनाथ आने-जाने का किराया 12,154 रुपये, फाटा से 9,680 रुपये और सिरसी से 6,086 रुपये तय किया गया है।
पिछले वर्ष की तुलना में गुप्तकाशी से केदारनाथ हेली सेवा के किराये में 290 रुपये और फाटा से 838 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, सिरसी हेलीपैड से केदारनाथ आने-जाने का किराया पिछले वर्ष के मुकाबले 2,753 रुपये कम किया गया है।
दूसरे चरण में किराये में अतिरिक्त बढ़ोतरी नहीं होने से हेली सेवा के जरिए केदारनाथ धाम जाने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। 15 सितंबर से शुरू होने वाली सेवा के लिए हेलीपैड और ऑपरेटरों की व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।




