उत्तराखण्ड
खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर भाजपा पार्षद के परिवार को किया बेहोश, आभूषण लेकर घरेलू सहायक फरार।

संवादसूत्र देहरादून: बल्लीवाला क्षेत्र में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के परिवार को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने और घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर घरेलू सहायक के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना में पार्षद अमिता सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम सिंह की हालत सामान्य बताई गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित घरेलू सहायक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अमिता सिंह बल्लीवाला चौक के पास नाथ वाटिका क्षेत्र में परिवार के साथ रहती हैं। करीब 20 दिन पहले उनकी बेटी मेघ ने दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए बुलाया था। आरोप है कि मंगलवार रात घरेलू सहायक ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोशी की हालत में पहुंच गए।
इसी दौरान आरोपित घर में रखे सोने के आभूषण लेकर अपने संभावित साथियों के साथ फरार हो गया। परिवार के सदस्यों को होश आने के बाद घर से आभूषण गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपित के बारे में जानकारी जुटाने के साथ उसके संपर्कों और संभावित साथियों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
पहले जीता भरोसा, फिर वारदात का आरोप
जांच में सामने आया है कि घरेलू सहायक को घटना से करीब 20 दिन पहले ही काम पर रखा गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात पहले से सुनियोजित थी या मौका देखकर इसे अंजाम दिया गया। फरार आरोपित और उसके संभावित साथियों की तलाश के साथ चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।




