उत्तराखण्ड
9 साल के रियांश और 10 साल की प्रिशा ने चढ़ी किलिमंजारो की चोटी, सीएम ने किया सम्मानित।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों बाल पर्वतारोहियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण बच्चों के साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है। दोनों ने अपनी उपलब्धि से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है और उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों एवं युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
9 वर्षीय रियांश पंत अल्मोड़ा के चीनाखान और 10 वर्षीय प्रिशा रावत नैनीताल जिले के बैलपड़ाव की निवासी हैं। दोनों ने 22 अगस्त 2026 को माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण कर वहां तिरंगा फहराया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में प्रदेश के युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।




