उत्तराखण्ड
गोपेश्वर में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन, 100 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा।

संवादसूत्र देहरादून/ गोपेश्वर: मेरा युवा भारत (माय भारत) के तत्वावधान में गुरुवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोपेश्वर में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नशा मुक्त युवा : विकसित भारत’ रहा। इसमें महाविद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त समाज के निर्माण पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कहा कि नशा युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ ही उनके भविष्य को भी प्रभावित करता है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए समाज में जागरूकता फैलाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता है। प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
युवा संसद के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। इस दौरान युवाओं ने अपनी अभिव्यक्ति क्षमता, तार्किक सोच और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन किया। उन्होंने नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना और विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका समझने और सामाजिक समस्याओं के समाधान में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।



