Connect with us

पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार को पर्यावरणीय मंजूरी, 3,000 मीटर का होगा रनवे।

उत्तराखण्ड

पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार को पर्यावरणीय मंजूरी, 3,000 मीटर का होगा रनवे।

संवादसूत्र देहरादून: पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (एसईआईएए) ने एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। परियोजना के तहत मौजूदा 1,372 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 3,000 मीटर किया जाएगा। इससे एयरपोर्ट पर बड़े विमानों की आवाजाही संभव हो सकेगी।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाले एसईआईएए ने राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन समिति (एससीईआईए) की संस्तुति के आधार पर यह मंजूरी दी है। समिति ने सात अक्टूबर और तीन नवंबर 2026 को परियोजना का परीक्षण किया था। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से प्रस्तावित इस परियोजना पर करीब 375.33 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरणीय मंजूरी का स्वागत करते हुए कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार कुमाऊं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे पर्यटन, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत किसी भी परिवार को विस्थापित नहीं करना पड़ेगा और पर्यावरणीय मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

परियोजना के तहत एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल बढ़कर करीब 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें 109.017 हेक्टेयर मौजूदा भूमि और 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल है। विस्तार के लिए समतल कृषि एवं खुली भूमि का उपयोग किया जाएगा।

एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल भी 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। इसके अलावा विमानों की पार्किंग के लिए एप्रन की क्षमता दो से बढ़ाकर सात की जाएगी। टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी एक से बढ़ाकर दो-दो की जाएगी। विस्तार के बाद एयरपोर्ट को सालाना 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

परियोजना में बिजली और पानी की व्यवस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण के उपाय भी शामिल हैं। प्रतिदिन निकलने वाले 136 किलोलीटर गंदे पानी के शोधन के लिए 165 किलोलीटर क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। शोधित पानी का इस्तेमाल फ्लशिंग और बागवानी में किया जाएगा। इसके साथ ही करीब पांच हेक्टेयर नया हरित क्षेत्र विकसित होगा। सौर ऊर्जा क्षमता भी 160 किलोवाट से बढ़ाकर 232 किलोवाट की जाएगी।

पर्यावरणीय मंजूरी के साथ विमानन सुरक्षा से जुड़ी शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। निर्माण कार्य स्वीकृत एयरपोर्ट लेआउट और संबंधित विमानन प्राधिकरणों के दिशा-निर्देशों के अनुसार होगा। रनवे, टैक्सीवे और एप्रन के आसपास निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। निर्माण सामग्री और मलबे को रनवे तक पहुंचने से रोकने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]