उत्तराखण्ड
चारधामों को प्लास्टिक मुक्त बनाने में जुटी धामी सरकार, यात्रा सीजन में 798 टन कचरा एकत्र।

संवादसूत्र देहरादून: चारधाम यात्रा को स्वच्छ, सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से चलाया जा रहा अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर श्रद्धालुओं में धामों की स्वच्छता और पवित्रता को लेकर जागरूकता बढ़ी है। वहीं, सफाई व्यवस्था से जुड़े विभागों और स्थानीय निकायों की ओर से भी विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। यात्रा सीजन में अब तक चारों धामों में कुल 798 टन कचरा एकत्रित किया जा चुका है।
केदारनाथ, बदरीनाथ और गंगोत्री में नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कचरे के संग्रहण और निस्तारण का कार्य किया जा रहा है, जबकि यमुनोत्री में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला पंचायत के पास है।
केदारनाथ में 32 टन कचरा एकत्र
केदारनाथ धाम नगर पंचायत क्षेत्र में यात्रा सीजन के दौरान अब तक 32 टन सॉलिड वेस्ट एकत्रित किया गया है। इसमें करीब 20 टन प्लास्टिक कचरा शामिल है। इस वर्ष शहरी विकास विभाग की ओर से धाम में एक अतिरिक्त कॉम्पेक्टर मशीन लगाई गई है। एकत्रित सॉलिड वेस्ट को गौरीकुंड पहुंचाया जा रहा है, जहां से इसे नीलाम किया जाएगा।
केदारनाथ पैदल मार्ग की सफाई व्यवस्था सुलभ इंटरनेशनल के पास है। संस्था की ओर से इस यात्रा सीजन में अब तक 270 टन सॉलिड वेस्ट एकत्रित किया गया है। इसमें से करीब 6.5 टन प्लास्टिक कचरे को रिसाइकिल के लिए भेजा जा चुका है।
बदरीनाथ में 393 टन कचरा जमा
बदरीनाथ धाम में अब तक 393 टन कचरा एकत्रित किया जा चुका है। इसमें 161 टन सूखा कूड़ा शामिल है। नगर पंचायत की ओर से धाम में ही सॉलिड वेस्ट को कॉम्पेक्ट किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में करीब 24 टन प्लास्टिक कचरा अलग किया गया है। इसमें सबसे अधिक मात्रा पानी की बोतलों की है। एकत्रित प्लास्टिक कचरे को नीलामी के लिए तैयार किया जा रहा है।
गंगोत्री में प्लास्टिक से हुई 55 हजार रुपये की आय
गंगोत्री धाम में यात्रा काल के दौरान अब तक 98 टन कचरा एकत्रित किया गया है। नगर पंचायत ने 22 टन प्लास्टिक कचरे को रिसाइकिल कर इससे 55 हजार रुपये की आय अर्जित की है। इसके अलावा कचरे से करीब ढाई टन खाद भी तैयार की गई है। धाम क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर पंचायत की ओर से प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
यमुनोत्री में 4.85 टन प्लास्टिक कचरे का निस्तारण
यमुनोत्री धाम यात्रा क्षेत्र में अब तक 4.85 टन प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर सुरक्षित निस्तारण किया गया है। इसमें जानकीचट्टी बाजार से ग्रामीण बाजार डामटा तक 1,790 किलोग्राम तथा जानकीचट्टी से खरसाली बाजार क्षेत्र से 3,060 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया है। यहां सफाई व्यवस्था जिला पंचायत के जिम्मे है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम आस्था और संस्कृति के साथ हिमालय की संवेदनशील पारिस्थितिकी का भी हिस्सा हैं। सरकार चारधाम यात्रा को स्वच्छ, सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। चारों धामों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और प्लास्टिक कचरे के रिसाइकिल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सरकार के साथ श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और व्यापारियों की सहभागिता भी जरूरी है।




