Connect with us

ड्रग फ्री उत्तराखंड से विकसित भारत 2047 तक: बनबसा में युवाओं से मुख्यमंत्री धामी का संवाद।

उत्तराखण्ड

ड्रग फ्री उत्तराखंड से विकसित भारत 2047 तक: बनबसा में युवाओं से मुख्यमंत्री धामी का संवाद।

संवादसूत्र देहरादून/बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सुमंगलम होटल, बनबसा में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, खेल, स्वरोजगार, समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली स्थानीय युवा प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्म से महान नहीं होता, बल्कि अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और मनोयोग से निर्वहन करने से महान बनता है। उन्होंने युवाओं को निष्ठा, परिश्रम और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।

छात्रा मिलन कलखुड़िया ने मुख्यमंत्री से उनके जीवन सफर के बारे में सवाल किया। जवाब में मुख्यमंत्री ने अपनी शिक्षा, युवावस्था और राजनीतिक यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने वाला व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।

छात्रा प्रीति पांडे ने नकल विरोधी कानून की सराहना करते हुए स्थानीय परीक्षा केंद्र टनकपुर में बनाए जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में परीक्षा केंद्र स्थापित करने के लिए उचित प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं।

छात्र रोहित शर्मा के नशे से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ अभियान का उल्लेख करते हुए युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

छात्र सुमित सिंह नायक के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत में 56 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीक से जुड़ी आधुनिक जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

युवा आयोग के गठन से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में युवा आयोग का गठन किया जा रहा है। यह आयोग प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की करीब 65 प्रतिशत आबादी युवा है और यह 21वीं सदी की सबसे बड़ी शक्ति है। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सही दिशा और मार्गदर्शन मिलने पर युवा शक्ति देश का परिदृश्य बदल सकती है।

उन्होंने कहा कि सरकार का विकल्प रहित संकल्प पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना है। इसके लिए अल्मोड़ा, चमोली और पौड़ी जैसे जनपदों में औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। युवाओं के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ स्वरोजगार और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्र चंपावत में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक पुस्तकालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस सेंटर और राज्य के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

इन युवा प्रतिभाओं को मिला सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली बनबसा के बसटिया क्षेत्र की हिमानी विश्वकर्मा, अमेजॉन में 47 लाख रुपये वार्षिक पैकेज हासिल करने वाली बिचई की श्वेता चंद और राष्ट्रीय पैरा आर्म रेसलिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाले टनकपुर के पवन गढ़कोटी को सम्मानित किया।

इसके अलावा खेल एवं दिव्यांग कल्याण में राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार प्राप्त करने वाले बनबसा के संदीप रस्तोगी, निःशुल्क गौ सेवा से जुड़े पवन मेहता, नशा मुक्ति अभियान संचालित करने वाले मनीष सिंह तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहीं अजंता विजय को भी सम्मानित किया गया।

बागवानी के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने वाले कमल गिरी, माउंट एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही वीरेंद्र सिंह सामंत, लोक संस्कृति एवं मीडिया क्षेत्र में योगदान देने वाले तरुण भट्ट तथा युवतियों को सेना एवं पुलिस भर्ती की निःशुल्क ट्रेनिंग देने वाली बनबसा की अरुणिमा रावत को भी मुख्यमंत्री ने उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, प्रभारी गुंजन सुखीजा, सह प्रभारी नितिन देउपा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव समेत प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]