उत्तराखण्ड
मसूरी में अक्षय कुमार की फिल्म की शूटिंग, उत्तराखंड की वादियों में दिखेगा सिनेमा का जादू।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और आकर्षक पर्वतीय लोकेशन फिल्म निर्माताओं को लगातार आकर्षित कर रही हैं। इसी क्रम में प्रसिद्ध निर्देशक अनीस बज्मी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘SVC60’ (वर्किंग टाइटल) की शूटिंग मसूरी और लंढौर क्षेत्र में की जा रही है। फिल्म में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेत्री राशि खन्ना प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण दिल राजू के प्रोडक्शन हाउस श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स (एसवीसी) द्वारा किया जा रहा है।
फिल्म की शूटिंग 10 से 20 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित है। इसके लिए मसूरी, मॉल रोड, लंढौर, चार दुकान क्षेत्र, ऐतिहासिक राधा भवन एस्टेट और होटल सवॉय सहित कई प्रमुख स्थलों का चयन किया गया है। इन स्थानों की प्राकृतिक सुंदरता, औपनिवेशिक स्थापत्य शैली और विशिष्ट पहाड़ी परिवेश फिल्म के दृश्यों को आकर्षक पृष्ठभूमि प्रदान करेंगे।
उत्तराखंड सरकार राज्य को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत प्रयास कर रही है। नीति का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ राज्य को पसंदीदा शूटिंग गंतव्य बनाना और फिल्म पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देना है।
इसी दिशा में राज्य में सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम लागू किया गया है, जिसके तहत सात दिन के भीतर शूटिंग की अनुमति देने की व्यवस्था है। इसका उद्देश्य फिल्म निर्माताओं के लिए विभिन्न विभागों से अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाना है। इससे राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
फिल्म नीति के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट से परिवहन, होटल, खान-पान और अन्य स्थानीय सेवाओं की मांग बढ़ती है। साथ ही, फिल्मों के जरिए उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों को देशभर में पहचान मिलने से पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलता है।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए फिल्म निर्माताओं को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। ‘SVC60’ की शूटिंग से प्रदेश की फिल्म-अनुकूल छवि को और मजबूती मिलने के साथ मसूरी और लंढौर के पर्यटन आकर्षणों को व्यापक प्रचार मिलने की उम्मीद है।



