उत्तराखण्ड
पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन होगा आसान, उत्तराखंड को मिलीं 59 नई बसें।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-6 उत्सर्जन मानकों से लैस इन बसों के निगम के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक सफर की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी जरूरी है। नई बसों के संचालन से विभिन्न क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्थानीय निवासियों के साथ पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा।
परिवहन निगम की इन 59 बसों में से 19 बसें नैनीताल मंडल, 20 टनकपुर मंडल और 20 देहरादून मंडल को आवंटित की गई हैं। इनका संचालन जरूरत के अनुसार विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा।
वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें निगम की 891 और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। नई बसों के शामिल होने से निगम की परिवहन सेवाओं का विस्तार होगा। बीएस-6 मानकों वाली ये बसें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सहायक होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सार्वजनिक परिवहन की महत्वपूर्ण भूमिका है। बेहतर परिवहन सुविधाओं से न केवल आमजन का आवागमन आसान होगा, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार परिवहन सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और परिवहन निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।



