उत्तराखण्ड
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, आवश्यक सेवाओं के कार्मिकों को डाक मतपत्र से मतदान की सुविधा मिलेगी।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। शुक्रवार को अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों, कार्यालयों एवं उपक्रमों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सेवाओं की श्रेणी में शामिल किए जाने वाले कार्मिकों की सूची जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस पर ड्यूटी में तैनात रहने वाले आवश्यक सेवाओं के कार्मिकों को भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इसके लिए सभी संबंधित विभागों को मुख्यालय स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए, ताकि डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र कार्मिक की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना है।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, परिवहन, पशुपालन, सूचना एवं लोक संपर्क, दूरदर्शन केंद्र, ऊर्जा निगम और पेयजल विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



